Jamshedpur: भारतीय जननाट्य संघ (इप्टा) जमशेदपुर के तत्वावधान में प्रसिद्ध फिल्मकार, लेखक एवं पत्रकार स्वर्गीय ख्वाजा अहमद अब्बास की स्मृति में आयोजित सात दिवसीय बाल रंग कार्यशाला का समापन रविवार, 7 जून को शाम 6 बजे ट्राइबल कल्चर सेंटर में होगा।
समापन समारोह का मुख्य आकर्षण कार्यशाला में प्रशिक्षित बच्चों द्वारा प्रस्तुत किया जाने वाला नाटक ‘उखड़े खंभे’ होगा। यह नाटक हिंदी के प्रसिद्ध व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई की चर्चित कहानी पर आधारित है, जिसमें सामाजिक विसंगतियों और व्यवस्था की विडंबनाओं को व्यंग्यात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।
नाटक का निर्देशन छत्तीसगढ़ की लोकनाट्य परंपरा ‘नाचा’ शैली के ख्यातिप्राप्त कलाकार एवं निर्देशक निसार अली ने किया है। कार्यशाला के दौरान बच्चों को अभिनय, संवाद अदायगी, मंच संचालन और रंगमंच की विभिन्न बारीकियों का प्रशिक्षण दिया गया, जिसका प्रदर्शन समापन समारोह में देखने को मिलेगा।
इप्टा जमशेदपुर के पदाधिकारियों ने शहर के कला प्रेमियों, अभिभावकों, रंगकर्मियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में शामिल होकर बाल कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि इस तरह की कार्यशालाएं बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।








