मनोहरपुर में दवा दुकानों पर लटका ताला, केमिस्ट एसोसिएशन की हड़ताल से मरीज परेशान

SHARE:

Manoharpur :  पश्चिम सिंहभूम जिले में बुधवार को केमिस्ट एसोसिएशन की हड़ताल का व्यापक असर देखने को मिला। मनोहरपुर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों की अधिकांश दवा दुकानें बंद रहीं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जरूरी दवाएं नहीं मिलने से कई मरीजों का उपचार प्रभावित हुआ।

ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट तथा झारखंड केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर आयोजित इस हड़ताल का असर चाईबासा, चक्रधरपुर, मनोहरपुर और आनंदपुर समेत जिले के विभिन्न इलाकों में देखने को मिला। दिनभर मेडिकल स्टोर्स के शटर बंद रहने से बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।

दवा दुकानदारों ने ऑनलाइन फार्मेसी और कॉर्पोरेट ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म के खिलाफ विरोध जताते हुए कहा कि बिना सख्त नियमों के ऑनलाइन दवाओं की बिक्री से पारंपरिक मेडिकल स्टोर्स का व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों का आरोप है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म द्वारा भारी छूट (प्रिडेटरी प्राइसिंग) दिए जाने से छोटे कारोबारियों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

केमिस्ट एसोसिएशन ने मरीजों की सुरक्षा को भी बड़ा मुद्दा बताया। उनका कहना है कि बिना उचित चिकित्सकीय पर्ची और पर्याप्त जांच के ऑनलाइन दवाओं की बिक्री मरीजों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।

हड़ताल का सबसे अधिक असर बुजुर्गों, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों और नियमित दवा लेने वाले लोगों पर पड़ा। कई लोग दवा की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए।

वहीं आम लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी आवश्यक दुकानों के बंद रहने पर चिंता जताते हुए सरकार से इस समस्या का जल्द समाधान निकालने की मांग की है।

Leave a Comment