Jamshedpur : झारखंड में शिक्षक पात्रता परीक्षा (J-TET) में भोजपुरी, मगही एवं अंगिका भाषाओं को शामिल करने की मांग अब तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में भाषा बचाओ संघर्ष समिति, झारखंड प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्रीय भाषाओं को J-TET में शामिल करने की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भोजपुरी, मगही और अंगिका केवल भाषाएं नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक विरासत हैं। इन भाषाओं को J-TET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा से बाहर रखना लाखों विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों के साथ अन्याय है।
विश्व भोजपुरी विकास परिषद के महासचिव मिथिलेश श्रीवास्तव ने कहा कि झारखंड में बड़ी संख्या में लोग इन भाषाओं का प्रयोग करते हैं, लेकिन सरकार लगातार इन्हें नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय भाषाओं को उचित सम्मान नहीं मिलने से युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है।
भाषा बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक कन्हैया सिंह ने कहा कि संविधान सभी भाषाओं और संस्कृतियों को समान सम्मान देने की बात करता है। ऐसे में J-TET से भोजपुरी, मगही और अंगिका को बाहर रखना समान अवसर की भावना के विपरीत है। उन्होंने सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
संपूर्ण भोजपुरी विकास मंच के अध्यक्ष शशि मिश्रा ने कहा कि क्षेत्रीय भाषाओं की अनदेखी सामाजिक और सांस्कृतिक संतुलन के लिए नुकसानदायक हो सकती है। उन्होंने सरकार से भाषाई विविधता को मजबूत करने के लिए ठोस पहल करने की अपील की।
वहीं भोजपुरी नव चेतना मंच एवं भाषा बचाओ संघर्ष समिति से जुड़े अप्पू तिवारी ने कहा कि झारखंड के लाखों छात्र-छात्राएं शिक्षक बनने का सपना देखते हैं, लेकिन वर्तमान नीति उनके अधिकारों को सीमित कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द निर्णय नहीं लेती है तो लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल की बातों को सुनने के बाद वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि क्षेत्रीय भाषाओं का सम्मान और संरक्षण जरूरी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस विषय को उचित स्तर पर उठाया जाएगा और सरकार स्तर पर सकारात्मक पहल का प्रयास किया जाएगा।
समिति ने मांग की है कि आगामी J-TET परीक्षा में भोजपुरी, मगही एवं अंगिका भाषाओं को तत्काल प्रभाव से शामिल किया जाए तथा क्षेत्रीय भाषाओं के अभ्यर्थियों को समान अवसर देने के लिए स्पष्ट नीति बनाई जाए।










