Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड स्थित वीर सिदो कान्हू पब्लिक स्कूल, काठजोड़ सालगाडीह में बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सरकारी एवं गैर-सरकारी कुल 12 विद्यालयों के 108 छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर अपनी कला प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में उत्क्रमित मध्य विद्यालय हमसादा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय काठजोड़, प्राथमिक विद्यालय सालगाडीह, प्राथमिक विद्यालय गवालापाड़ा, मध्य विद्यालय चिलगु चाकुलिया, प्राथमिक विद्यालय मानिकुई, मध्य विद्यालय बातकोम कोचा समेत कई विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने रंगों और कल्पनाशीलता के माध्यम से विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर उपस्थित लोगों को प्रभावित किया।

प्रतियोगिता में विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल, चांडिल के कक्षा पांच के छात्र राजेश हेम्ब्रम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं संस्कार प्ले स्कूल के सुजित मारडी दूसरे और वीर सिदो कान्हू पब्लिक स्कूल की छात्रा वासंती मुर्मू तीसरे स्थान पर रहीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल दस प्रतिभागियों को मेडल, नकद पुरस्कार एवं सहभागिता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदिम डेवलपमेंट सोसायटी के सचिव एवं स्कूल के निर्देशक बाबु राम सोरेन ने कहा कि बच्चों की छिपी प्रतिभा को मंच देना संस्था का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में मेगा आर्ट फेस्टिवल आयोजित कर ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रतियोगिता के माध्यम से यह स्पष्ट हुआ कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उचित अवसर और प्रोत्साहन की है। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों में भी खास उत्साह देखने को मिला।










