श्रम विभाग के खिलाफ 26 मई को धरना देगा झारखंड जेनरल कामगार यूनियन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa : झारखंड जेनरल कामगार यूनियन-144/07 ने मजदूर हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर 26 मई 2026 को रांची स्थित श्रमायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है। यूनियन ने पोस्टर जारी कर राज्य सरकार एवं श्रम विभाग पर मजदूरों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया है।

यूनियन का कहना है कि भवन एवं सड़क निर्माण कार्यों में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार हो रहा है और मजदूरों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है। संगठन ने मांग की है कि निर्माण कार्यों में कथित लूट एवं अनियमितताओं की जांच एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से कराई जाए। साथ ही श्रमिक मित्रों की संपत्ति की भी जांच कराने की मांग उठाई गई है।

यूनियन ने वर्तमान श्रमिक निबंधन व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे समाप्त कर ट्रेड यूनियनों के माध्यम से मजदूरों का निबंधन कराने की मांग की है। संगठन का आरोप है कि मौजूदा व्यवस्था में वास्तविक मजदूरों को योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।

इसके अलावा श्रम विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर भी यूनियन ने नाराजगी जताई है। यूनियन की मांग है कि सभी श्रम विभाग पदाधिकारियों की कार्यालय में सुबह 10 बजे तक उपस्थिति अनिवार्य की जाए तथा 11 बजे के बाद आने वाले अधिकारियों की हाजिरी काटी जाए।

यूनियन ने मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने तथा सभी श्रमिकों को पीएफ सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की है। संगठन का कहना है कि यदि मजदूरों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.