विद्यालय में समर कैंप का भव्य समापन, विद्यार्थियों ने योग, एआई प्रोजेक्ट और खेल प्रतिभा से मोहा मन

SHARE:

Jamshedpur : विद्यालय में आयोजित समर कैंप का समापन समारोह शुक्रवार को उत्साह, ऊर्जा और रचनात्मक प्रस्तुतियों के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ। विद्यालय प्रेक्षागृह में आयोजित इस समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

समारोह के मुख्य अतिथि आंध्रा एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष श्री सी. गणेश राव थे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में मेजर के. सत्यनारायण, बी. श्रीनिवास, बी. रामाराव, टी. श्रीनिवास एवं पी. सूर्यप्रभा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पियाली मुखर्जी ने की।

समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत योग प्रदर्शन एवं ज़ुम्बा कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। वहीं कला एवं शिल्प प्रदर्शनी तथा एआई प्रोजेक्ट प्रस्तुति ने विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और तकनीकी समझ को दर्शाया।

कार्यक्रम में इनडोर एवं आउटडोर खेलों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। शतरंज, कैरम, खो-खो, कबड्डी और फुटबॉल जैसी गतिविधियों में विद्यार्थियों ने खेल भावना और टीमवर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

समारोह के दौरान विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए विद्यालय द्वारा किए जा रहे रचनात्मक प्रयासों की प्रशंसा की और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Comment