उपायुक्त ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी, जनगणना-2027 और लू-वज्रपात से बचाव को लेकर चलेगा अभियान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में भवन गणना एवं जनगणना-2027 के साथ-साथ वज्रपात और लू से बचाव को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि गर्मी के मौसम में लू एवं बारिश के दौरान वज्रपात की घटनाओं से लोगों को सुरक्षित रखने के लिए जागरूकता बेहद जरूरी है। जागरूकता रथ जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जाकर नागरिकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी देगा।

उपायुक्त ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं तथा हल्के और सूती कपड़ों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने, तेज गर्जन या बिजली चमकने की स्थिति में खुले मैदान, पेड़ के नीचे या जलाशयों के आसपास जाने से बचना चाहिए।

उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के तहत भवन गणना एवं मकान सूचीकरण कार्य को लेकर भी आमजनों को जागरूक किया जाएगा। नागरिकों से आग्रह किया गया कि वे गणनाकर्मियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करें।

जागरूकता रथ के माध्यम से जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में ऑडियो संदेश, नुक्कड़ नाटक एवं प्रचार सामग्री के जरिए लोगों को वज्रपात, लू से बचाव तथा भवन गणना संबंधी जानकारियां दी जाएंगी।

इस मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी श्री धनंजय एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री पंचानन उरांव समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.