घाटशिला में डीसी राजीव रंजन का औचक निरीक्षण, साफ-सफाई और कार्यशैली पर जताई नाराजगी

SHARE:

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन ने घाटशिला प्रखंड सह अंचल कार्यालय, अनुमंडल अस्पताल और पंचायत क्षेत्रों का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली, साफ-सफाई और जनसेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यशैली में सुधार तथा आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

प्रखंड सह अंचल कार्यालय निरीक्षण के दौरान डीसी ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, विभिन्न शाखाओं में पंजियों के संधारण, अभिलेखों के रख-रखाव तथा कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की जांच की। साफ-सफाई की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने बीडीओ और सीओ को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन, समयपालन और बेहतर कार्य संस्कृति सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही चेतावनी दी कि कार्यशैली में सुधार नहीं करने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और आमजनों से जुड़े आवेदनों के समयबद्ध समाधान पर विशेष जोर दिया।

इसके बाद डीसी ने घाटशिला अनुमंडल अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न वार्ड, कुपोषण उपचार केंद्र, पंजीकरण काउंटर और मरीज वार्ड का जायजा लिया तथा मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को संवेदनशील और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

पंचायत भ्रमण के दौरान डीसी हलुदबनी पंचायत के सबर टोला पहुंचे, जहां उन्होंने आदिम जनजाति सबर परिवारों के आवास निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। लाभुकों से बातचीत कर योजनाओं की प्रगति, निर्माण गुणवत्ता, बिजली और पेयजल की स्थिति की जानकारी ली।

वहीं मनरेगा के तहत संचालित आम बागवानी योजना का भी निरीक्षण किया गया। डीसी ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान नागेंद्र पासवान, डीटीओ धनंजय, एसडीओ सुनील चंद्र, बीडीओ यूनिका शर्मा, सीओ निशात अंबर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment