Jamshedpur : झारखंड क्षत्रिय युवा संघ द्वारा आगामी 9 मई को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 487वीं जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इसको लेकर बुधवार को शहर के एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रेस वार्ता में झारखंड क्षत्रिय संघ के केंद्रीय सचिव सह कार्यक्रम संयोजक अमित सिंह, युवा संघ के महामंत्री कुमार प्रभाकर सिंह, वरीय उपाध्यक्ष राजीव सिंह (बबलू), उपाध्यक्ष जयंत विक्रम सिंह, रवि सिंह, सुखदेव सिंह, हेमंत सिंह एवं अभिषेक सिंह मौजूद रहे।
कार्यक्रम संयोजक अमित सिंह ने बताया कि 9 मई को मरीन ड्राइव स्थित महाराणा प्रताप चौक पर भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत पांच पुरोहितों द्वारा शंखनाद के साथ होगी। इसके बाद बड़ी संख्या में उपस्थित लोग वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
उन्होंने बताया कि झारखंड क्षत्रिय संघ, युवा संघ एवं महिला संघ की 27 इकाइयों की समितियां भगवा ध्वज के साथ जयघोष करते हुए क्रमवार श्रद्धासुमन अर्पित करेंगी। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।
इस अवसर पर रवि सिंह ने बताया कि महाराणा प्रताप चौक पर सुबह 10 बजे से संगोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें शहर के शिक्षाविद एवं इतिहासकार महाराणा प्रताप के जीवन, उनके शौर्य और राष्ट्र रक्षा में योगदान पर अपने विचार रखेंगे।
इसके अलावा भीषण गर्मी को देखते हुए क्षत्रिय युवा संघ द्वारा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर मीठे पेय पदार्थों के सेवा शिविर लगाए जाएंगे तथा जरूरतमंदों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण भी किया जाएगा।











