Elephant Injury : सारंडा जंगल में IED ब्लास्ट से दंतैल हाथी गंभीर घायल, वन विभाग की निगरानी में इलाज जारी

SHARE:

Guwa : मनोहरपुर क्षेत्र के सारंडा जंगल में आईईडी ब्लास्ट की घटना में एक दंतैल जंगली हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद वन विभाग की देखरेख में घायल हाथी का इलाज शुरू कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, कोलबोंगा के सासंगदा-लेबरागढ़ा नाला के पास हाथी का उपचार किया जा रहा है। झारखंड और ओडिशा के पशु चिकित्सकों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर इलाज में जुटी हुई है। चिकित्सक हाथी को लौकी और तरबूज में दवाइयाँ—एंटीबायोटिक, दर्दनाशक और सूजन कम करने वाली—मिलाकर खिला रहे हैं।

बताया जा रहा है कि आईईडी विस्फोट का असर बेहद गंभीर रहा है। धमाके में हाथी के एक पैर की सभी अंगुलियां उड़ गई हैं, जिसके कारण वह पैर जमीन पर नहीं रख पा रहा है और चलने-फिरने में असमर्थ हो गया है।

वन विभाग के कर्मी लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। प्रयास किया जा रहा है कि हाथी को सुरक्षित स्थान पर लाकर उसके घायल पैर का बेहतर और समुचित इलाज किया जा सके। इस घटना ने जंगल क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment