टाटानगर रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा: हाई टेंशन तार की चपेट में आया युवक, हालत गंभीर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर खड़ी मालगाड़ी पर चढ़ने के दौरान एक युवक हाई टेंशन ओवरहेड विद्युत तार की चपेट में आ गया। हादसे में युवक बुरी तरह झुलस गया और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना सुबह करीब 11 बजकर 7 मिनट की है। बताया जाता है कि युवक आजाद हिंद एक्सप्रेस से उतरने के बाद अचानक प्लेटफॉर्म पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया। जैसे ही वह ऊपर पहुंचा, उसका संपर्क ऊपर से गुजर रहे हाई वोल्टेज तार से हो गया। संपर्क होते ही जोरदार धमाका हुआ और युवक झुलसकर नीचे गिर पड़ा। इस घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

इधर, हादसे के बाद रेलवे सुरक्षा बल और रेल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ हो सकता है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल युवक की पहचान करने और उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास जारी है।

इस घटना ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.