हाथीसेरंग में जच्चा-बच्चा मौत के बाद प्रशासन सक्रिय, DC व सांसद जोबा माझी ने किया दौरा, मुआवजा प्रदान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Rajnagar : राजनगर प्रखंड के हेरमा पंचायत अंतर्गत हाथीसेरंग गांव में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को जोबा माझी एवं उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम गांव पहुंची और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।

अधिकारियों ने परिजनों से घटना की विस्तृत जानकारी ली और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि सरकारी प्रावधान के तहत परिवार को ₹20,000 की तात्कालिक सहायता राशि और ₹4 लाख का मुआवजा चेक पहले ही प्रदान किया जा चुका है।

मौके पर अधिकारियों ने मुआवजा प्रक्रिया की पुष्टि करते हुए कहा कि आगे की सभी औपचारिकताएं नियमानुसार पूरी की जाएंगी। सांसद जोबा माझी ने घटना को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

वहीं उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाए जाएंगे। टीम ने गांव में स्वास्थ्य सेवाओं का भी निरीक्षण किया और प्रसव के दौरान संभावित लापरवाही से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटाई।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं, वहीं स्थानीय लोगों ने बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.