राजनगर के स्कूलों का DC ने किया औचक निरीक्षण, शिक्षा गुणवत्ता व मूलभूत सुविधाओं पर दिए सख्त निर्देश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela : राजनगर प्रखंड के हेरमा पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय हाथीसिरिंग एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालय किता का उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों एवं मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई।

निरीक्षण के क्रम में कक्षा संचालन, उपस्थिति पंजी, मध्यान्ह भोजन, स्वच्छता, रसोईघर, पेयजल एवं शौचालय व्यवस्था का भौतिक सत्यापन किया गया। उपायुक्त ने शिक्षकों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित करने, बच्चों को गतिविधि आधारित शिक्षा देने और अधिकतम उपस्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने अभिभावक-शिक्षक बैठक नियमित आयोजित करने, शिकायतों के त्वरित निष्पादन और मध्यान्ह भोजन को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से संचालित करने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर शिक्षा, भोजन एवं अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और उन्हें नियमित विद्यालय आने, अनुशासन बनाए रखने तथा सह-पाठयक्रम गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

उत्क्रमित मध्य विद्यालय हाथीसिरिंग में रसोईघर में लकड़ी से भोजन पकाए जाने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी को तत्काल गैस व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालय परिसर, कक्षाओं एवं रसोईघर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

स्थानीय ग्रामीणों द्वारा शिक्षकों की कमी की समस्या उठाए जाने पर उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि आवश्यकता के अनुसार शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी मलय कुमार एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.