Seraikela: सरायकेला में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस अंचल निरीक्षक संजय प्रसाद की अध्यक्षता में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न थानों के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।
गोष्ठी के दौरान अंचल निरीक्षक ने ‘एंटी सेटिंग’ व्यवस्था को सख्ती से लागू करने का निर्देश देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस को सक्रिय और जवाबदेह रहना होगा।
बैठक में क्षेत्र के 18 चिन्हित कुख्यात अपराधियों की सूची जारी की गई और उनकी शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधिकारियों को इन अपराधियों पर कड़ी नजर रखने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
इस दौरान थाना प्रभारी विनय कुमार सहित अंचल के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी उपस्थित रहे और अपने-अपने क्षेत्र की स्थिति से अवगत कराया।











