Jamshedpur : भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के नेता एवं काशीपुर विधानसभा प्रभारी Ram Singh Munda ने पश्चिम बंगाल की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में परिवर्तन की लहर स्पष्ट दिखाई दे रही है और भाजपा की सरकार बनने का मार्ग प्रशस्त हो चुका है।
उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल की जनता अब अत्याचार और अन्याय से मुक्ति चाहती है। आने वाले समय में राज्य में सुशासन स्थापित होगा और हर वर्ग के जीवन में खुशहाली आएगी।”
राम सिंह मुंडा ने अपने तीन माह के पश्चिम बंगाल प्रवास को याद करते हुए इसे संघर्ष, समर्पण और सीख से भरा अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि झारखंड से निकलकर अलग सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियों में काम करना चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ बेहद शिक्षाप्रद रहा।
उन्होंने बताया कि गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ काम करने का अवसर मिला। सीमित संसाधनों के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह और पार्टी के प्रति अटूट विश्वास इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत रही।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन ने पूरे अभियान को दिशा देने का काम किया और लगातार ऊर्जा व प्रेरणा मिलती रही। इस दौरान मिले अनुभवों ने उनकी राजनीतिक और सामाजिक समझ को और मजबूत किया।
काशीपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी कमलाकांत हांसदा की जीत में कार्यकर्ताओं और आम जनता की भूमिका को अहम बताते हुए उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में उन्होंने कहा कि इस प्रवास से मिली नई ऊर्जा और अनुभव के साथ वे जनसेवा के लिए और अधिक मजबूत संकल्प के साथ लौटे हैं।











