पत्रकारों पर हमले के खिलाफ जमशेदपुर में उबाल,मंत्री से माफी की मांग,सड़कों पर उतरा प्रेस क्लब

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर : हजारीबाग में पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट की घटना के विरोध में शनिवार को जमशेदपुर में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला। प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के बैनर तले बड़ी संख्या में पत्रकार और मीडिया कर्मी सड़कों पर उतरे और जोरदार प्रदर्शन किया। प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में शहर व ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ो पत्रकारों ने शहर में घूम कर विरोध प्रदर्शन करते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर राज्य सरकार के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई। पत्रकारों ने एक स्वर में मांग की राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी इस घटना को लेकर तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।


प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज सिंह ने कहा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ माने जाने वाले पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया मंत्री से सवाल पूछने पर उनके समर्थकों ने अभद्र व्यवहार के साथ मारपीट तक की, जो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है।


उन्होंने यह भी कहा घटना के बाद अब तक राज्य सरकार या प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जिससे पत्रकारों में रोष और बढ़ गया है। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई और मंत्री माफी नहीं मांगते हैं तो आंदोलन को पूरे राज्य में चरणबद्ध तरीके से तेज किया जाएगा।प्रदर्शन में प्रेस क्लब के महामंत्री विनय पूर्ति, कोषाध्यक्ष अजय महतो समेत शहर के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार मौजूद रहे।

सभी ने पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई।पत्रकारों ने स्पष्ट किया मीडिया लोकतंत्र का अहम स्तंभ है और उसकी आवाज दबाने की किसी भी कोशिश का पुरजोर विरोध किया जाएगा। प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर ने संकेत दिया मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.