कपाली में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पशु तस्करी का भंडाफोड़, XUV से चार गाय बरामद

SHARE:

Adityapur : कपाली ओपी क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध वाहन से चार गाय बरामद की गईं, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।

घटना सुबह करीब 5 बजे कमारगोड़ा चौक की है, जहां ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद महिंद्रा XUV (नंबर JH05BT-0573) तेज रफ्तार से चेकिंग प्वाइंट पार कर भागने लगी।

संदेह होने पर पुलिस ने वाहन का पीछा किया। पीछा करते देख चालक ने डेमडुब्बी इलाके में गाड़ी सड़क किनारे छोड़ दी और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

वाहन की तलाशी लेने पर अंदर चार गाय बरामद हुईं, जो अस्वस्थ अवस्था में पाई गईं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से गायों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जहां उनका पशु चिकित्सकों द्वारा इलाज कराया जा रहा है।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पशुओं की अवैध तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक एवं फरार चालक की पहचान की जा रही है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है। फिलहाल आरोपी चालक की तलाश में छापेमारी जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें