Jamshedpur : सावन माह के अंतिम सोमवार, 24 अगस्त 2026 को लोहनगरी जमशेदपुर में भक्ति और आस्था का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस अवसर पर देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक Manoj Tiwari अपनी मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर शिव भक्तों को भाव-विभोर करेंगे।
Har Har Mahadev Seva Sangh द्वारा आयोजित इस भजन संध्या के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए Manoj Tiwari ने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है। संस्था के प्रतिनिधि अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि मनोज तिवारी के गीतों में अद्भुत जादुई शक्ति है, जो सीधे श्रद्धालुओं के हृदय को छूती है और उन्हें भक्ति-रस में डुबो देती है।

यह आयोजन इस वर्ष अपने 26वें संस्करण में प्रवेश कर रहा है, जो इसकी लोकप्रियता और निरंतरता का प्रमाण है। हर वर्ष हजारों श्रद्धालु इसमें प्रत्यक्ष रूप से भाग लेते हैं, जबकि लाखों लोग अप्रत्यक्ष रूप से इस भक्ति आयोजन से जुड़ते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक समरसता और एकता के संदेश के साथ किया जाता है, जिसमें सभी वर्ग, समुदाय और विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग एक साथ भागीदारी करते हैं। आयोजन का उद्देश्य देश, राज्य और शहर की खुशहाली, आपसी भाईचारे और राष्ट्र की उन्नति की कामना करना है।
भजन संध्या के दौरान श्रद्धालुओं के लिए चाय और भंडारे की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी। साथ ही शहर के प्रमुख और विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सेवा भावना, सामाजिक एकजुटता और राष्ट्रहित के संकल्प को भी सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण मंच माना जाता है।











