धर्मडीह में झुका बिजली पोल बना हादसे का खतरा, ग्रामीणों में दहशत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jadugoda : पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्तरी इचड़ा पंचायत के धर्मडीह बस्ती में एक झुका हुआ बिजली पोल स्थानीय लोगों के लिए बड़ा खतरा बन गया है। मस्जिद के सामने लगा सीमेंट का यह पोल मानक के अनुसार सीधा खड़ा नहीं है, बल्कि करीब 130–140 डिग्री तक झुका हुआ है, जिससे कभी भी हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार इस पोल पर हाई टेंशन लाइन गुजर रही है। ऐसे में तेज आंधी-तूफान या हवा चलने पर इसके गिरने का खतरा और बढ़ जाता है। लोगों का कहना है कि जिस तरह तेज हवाओं में बड़े पेड़ तक उखड़ जाते हैं, उसी तरह यह कमजोर और झुका हुआ पोल भी कभी भी गिर सकता है, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह स्थिति विभागीय लापरवाही और घटिया निर्माण कार्य का परिणाम है। पोल लगाने के दौरान न तो तकनीकी मानकों का पालन किया गया और न ही इसकी मजबूती पर ध्यान दिया गया।

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि इस गंभीर समस्या का तत्काल संज्ञान लेते हुए झुके हुए पोल को या तो ठीक किया जाए या फिर उसे बदलकर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

एक ग्रामीण ने कहा, “यह पोल काफी झुका हुआ है। आंधी-तूफान में कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। विभाग को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।”

फिलहाल, यह झुका हुआ पोल विभागीय लापरवाही की कहानी बयां कर रहा है। अब देखने वाली बात होगी कि संबंधित विभाग समय रहते कार्रवाई करता है या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.