Potka : पोटका स्थित Rambha Educational Institution समूह में आगामी 2 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय कार्यशाला की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। यह कार्यशाला रंभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन और रंभा कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगी, जिसका विषय “हमारी नदियां, हमारा भविष्य, हमारी संस्कृति” रखा गया है।
कार्यशाला की सफलता को लेकर संस्थान के अध्यक्ष राम बचन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई और विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
संस्थान के सचिव गौरव बचन ने कार्यशाला के विषय को वर्तमान पर्यावरणीय चुनौतियों और जल संरक्षण के दृष्टिकोण से बेहद प्रासंगिक बताया। वहीं प्राचार्या डॉ. कल्याणी कबीर ने जानकारी दी कि इस अवसर पर एक विशेष पुस्तिका का विमोचन भी किया जाएगा, जिसमें बी.एड., स्नातक, नर्सिंग और फार्मेसी विभाग के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के विचार शामिल होंगे। साथ ही आमंत्रित अतिथियों के लेख भी इसमें प्रकाशित किए जाएंगे।
इस राष्ट्रीय कार्यशाला में देश के विभिन्न हिस्सों से विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है। प्रमुख वक्ताओं में Banaras Hindu University के डॉ. डी.एन. तिवारी, पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) के रिवर साइंटिस्ट डॉ. विश्वजीत बेरा, कोलकाता के देवाशीष घोष, शहर के पर्यावरणविद् गौरव आनंद, Kolhan University के एम.एड. विभाग से डॉ. सुचित्रा बेहरा, डॉ. मनोज कुमार, LBSM College के दर्शनशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. दीपांजय श्रीवास्तव तथा पर्यावरणविद् सह असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. कविता परमार शामिल होंगे।
संस्थान प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि यह कार्यशाला जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक संवाद का मंच प्रदान करेगी।











