Gamharia water crisis : 9 हजार लोगों पर पानी का संकट, बिजली विभाग की लापरवाही से टूटी पाइपलाइन, मचा हाहाकार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : Gamharia प्रखंड के सालडीह क्षेत्र में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जहां खंभा लगाने के दौरान ग्रामीण जलापूर्ति योजना की मुख्य पाइपलाइन टूट गई। इस घटना के बाद छोटा गम्हरिया पंचायत के करीब 9 हजार ग्रामीण रविवार सुबह से पानी के लिए जूझ रहे हैं।

भीषण गर्मी के बीच जलापूर्ति ठप होने से पूरे इलाके में हाहाकार की स्थिति बन गई है। ग्राम प्रधान सूरज लाल महतो ने बताया कि बिजली विभाग के ठेकेदार द्वारा मानक से अधिक गहराई तक गड्ढा खोदने के कारण पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि मजदूरों ने मामले को छिपाने के लिए टूटी पाइपलाइन पर मिट्टी डालकर गड्ढा भर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही सुबह करीब 11 बजे जलापूर्ति बंद कर दी गई, ताकि पानी की बर्बादी रोकी जा सके, लेकिन इससे पूरे पंचायत में जल संकट गहरा गया। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।

ग्राम प्रधान ने बिजली विभाग और संबंधित ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द पाइपलाइन की मरम्मत नहीं हुई, तो सोमवार से विभाग का काम बंद करा दिया जाएगा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि इस भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें