NH-33 पर बवाल! धूल से त्रस्त लोगों का फूटा गुस्सा, मशीन और इंजीनियर को रस्सी से बांधकर रुकवाया काम

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : Mango स्थित NH-33 पर बन रहे एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य स्थानीय लोगों के लिए भारी मुसीबत बन गया है। उड़ती धूल से परेशान लोगों का गुस्सा रविवार को उस वक्त फूट पड़ा, जब सैकड़ों की संख्या में जुटे लोगों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर मशीनों और अभियंताओं को रस्सी से बांधते हुए काम बंद करा दिया।

बताया जा रहा है कि बालीगुमा से पारडीह तक निर्माण कार्य के दौरान जल छिड़काव नहीं होने से भारी मात्रा में धूल उड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि कुछ फीट की दूरी तक देखना मुश्किल हो जाता है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय दुकानदार, टेंपो चालक और ठेला-खोमचा चलाने वाले लोगों का कहना है कि धूल के कारण उनका रोजगार ठप पड़ गया है। कई दुकानों को बंद करना पड़ा है और लोग भुखमरी की स्थिति में पहुंच रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने कई बार संवेदक और National Highways Authority of India (NHAI) के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

आक्रोशित लोगों ने भाजपा के पूर्व नेता Vikas Singh को मौके पर बुलाया। उनके नेतृत्व में लोगों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और काम बंद करवा दिया।

घटना की सूचना मिलते ही निर्माण एजेंसी और NHAI के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल टैंकर से जल छिड़काव शुरू कराया, जिसके बाद स्थिति कुछ हद तक सामान्य हुई।

विकास सिंह ने कहा कि धूल के कारण लोगों का जीना दूभर हो गया है, लेकिन जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने सांसद और विधायक से अपील की कि वे अपनी गाड़ी का शीशा खोलकर इस मार्ग का दौरा करें, तब उन्हें आम जनता की पीड़ा समझ में आएगी।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। मौके पर शिव साहू, सुदामा भारती, पप्पू सिंह, श्याम लाल, अरुण यादव, अंसार खान, संतोष यादव सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें