टाटानगर में फूटा यात्रियों का गुस्सा, लेट ट्रेनों के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान, रेलवे को दी आंदोलन की चेतावनी

SHARE:

Jamshedpur : Tatanagar Railway Station पर रविवार को रेल यात्री संघर्ष समिति की ओर से ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान में बड़ी संख्या में यात्रियों ने भाग लेते हुए रेलवे की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई और जल्द सुधार की मांग की।

इस दौरान पश्चिमी जमशेदपुर के विधायक Saryu Roy, समाजसेवी शिव शंकर सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और अभियान को समर्थन दिया।

विधायक सरयू राय ने कहा कि इससे पहले भी स्टेशन के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया था, जिसमें ट्रेनों को समय पर चलाने की मांग उठाई गई थी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कई ट्रेनें 2 से 3 घंटे की देरी से चल रही हैं, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने रेलवे प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार मांग और आंदोलन के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा को नजरअंदाज करना दुर्भाग्यपूर्ण है, जबकि समयबद्ध परिचालन रेलवे की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

अभियान में शामिल यात्रियों ने भी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि ट्रेन लेट होने से नौकरीपेशा, छात्र, मरीज और व्यापारी वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। कई लोगों ने आर्थिक नुकसान और योजनाएं प्रभावित होने की बात भी कही।

रेल यात्री संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और एकत्रित हस्ताक्षर रेलवे के उच्च अधिकारियों को सौंपे जाएंगे। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस अभियान ने साफ संकेत दे दिया है कि अब रेल यात्रियों की समस्या जनआंदोलन का रूप ले रही है और लोग अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठा रहे हैं।

Leave a Comment