Seraikela : ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने और वित्तीय रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से पांड्रा पंचायत भवन में शनिवार को एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता जागरूकता सह वित्तीय समावेशन शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर साख फाउंडेशन के तत्वावधान में भारतीय रिजर्व बैंक के ‘मनी वाइज प्रोग्राम’ के अंतर्गत आयोजित हुआ।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया के साथ-साथ प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही केवाईसी, डीबीटी और बैंक खातों में नॉमिनी जोड़ने की प्रक्रिया भी मौके पर ही पूरी कराई गई, जिससे लोगों को काफी सुविधा मिली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक (एलडीएम) वारुण कुमार चौधरी उपस्थित रहे। उन्होंने सुरक्षित बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि वित्तीय साक्षरता से ही ग्रामीण आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ना और उन्हें पेंशन, केसीसी लोन समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना था। इस दौरान पंचायत स्तर पर बीसी (बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट) कैंप का भी आयोजन किया गया, ताकि लोगों को मौके पर ही बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
कार्यक्रम में साख फाउंडेशन के जिला प्रभारी अभिषेक कुमार गौतम, गौतम कुंवर, सीएफएल प्रभारी हरिराम मार्डी, सीएफएल ट्रेनर बबिता महतो तथा पंचायत सचिव अशोक कुमार महतो उपस्थित रहे। वहीं बैंक ऑफ इंडिया सरायकेला के बीसी अमृत महतो ने ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और मौके पर ही बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाया।











