Potka : पूर्वी सिंहभूम जिले के केरूआडूंगरी पंचायत अंतर्गत तालसा गांव में तालसा क्रिकेट बोर्ड द्वारा आयोजित दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। 25 और 26 अप्रैल तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में स्थानीय युवाओं का जोश और भागीदारी देखने लायक रही।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती बारी मुर्मू उपस्थित रहीं, जबकि विशेष अतिथि के रूप में मुखिया सह मुखिया संघ के जिला अध्यक्ष श्री कान्हू मुर्मू ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का पारंपरिक तरीके से अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
इसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और मुख्य अतिथि ने बल्ला चलाकर टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया। मैदान में उपस्थित दर्शकों और खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा गया।
अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देता है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य मंगल मुर्मू, डोमन सोरेन, भागमत मुर्मू, भागीरथी हांसदा, दामु मार्डी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। टूर्नामेंट के पहले दिन ही मुकाबलों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और गांव में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।











