गोइलकेरा में मुखबिरी के शक में युवक की हत्या, हथियारबंद हमलावरों ने घर से बुलाकर उतारा मौत के घाट

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Manoharpur :  गोइलकेरा थाना क्षेत्र के दुगुनिया गांव में बीती रात एक युवक की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान रमेश चाम्पिया उर्फ चमरा के रूप में हुई है। घटना को चार अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने अंजाम दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोयागुटु निवासी रमेश चाम्पिया को देर रात उसके घर से बुलाकर अज्ञात लोग अपने साथ ले गए। इस दौरान उसकी पत्नी ने उनका पीछा किया, लेकिन हमलावरों ने यह कहकर उसे वापस भेज दिया कि रमेश को अगले दिन लौटा दिया जाएगा।

बताया जा रहा है कि घर से करीब 500 मीटर दूर ले जाकर हमलावरों ने लाठी-डंडों और रस्सी से उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शव के साथ क्रूरता किए जाने की भी बातें सामने आ रही हैं।

सूत्रों के मुताबिक, हत्या के पीछे नक्सलियों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। यह भी बताया जा रहा है कि मृतक पर मुखबिरी का शक था। वारदात के दौरान हमलावरों ने मृतक का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया और अपने साथ ले गए।

घटना के बाद गांव में भय का माहौल व्याप्त है। उल्लेखनीय है कि यह इलाका पूर्व से नक्सल प्रभावित रहा है, जिसके कारण पुलिस को घटनास्थल तक पहुंचने में भी विलंब हुआ। जानकारी के अनुसार, रमेश चाम्पिया पहले नक्सली गतिविधियों से जुड़ा रहा था और कुछ वर्ष पूर्व जेल से रिहा हुआ था। वर्तमान में वह मुंशी का काम कर रहा था।

पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है और अज्ञात हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.