अवैध संबंध में बाधक बने पति की हत्या: सरायकेला पुलिस ने चौथे आरोपी को किया गिरफ्तार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela : बहुचर्चित सहदेव महतो हत्याकांड में सरायकेला पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे आरोपी अशोक लायक को शनिवार को चांडिल क्षेत्र से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इसके साथ ही इस सनसनीखेज हत्या कांड में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अशोक लायक चांडिल थाना क्षेत्र के बरटांड दरदा का निवासी है। इससे पहले इस मामले में जयसेन कुम्भकार, मेघनाथ मुखी और मृतक की पत्नी सुलेखा महतो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

टेंटोपोसी पंचायत के झापड़ागोड़ा गांव में हुई इस हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि यह हत्या अवैध संबंध के चलते रची गई साजिश का परिणाम थी। मृतक सहदेव महतो की पत्नी सुलेखा महतो का संबंध जयसेन कुम्भकार से था। इस संबंध को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।

इसी तनाव के बीच सुलेखा ने अपने प्रेमी जयसेन के साथ मिलकर सहदेव को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। साजिश के तहत 21 जून 2023 की रात करीब 8:30 बजे सहदेव को पार्टी के बहाने झापड़ागोड़ा बुलाया गया। वहां आरोपियों ने उसे शराब और खाना खिलाया और जब वह नशे में हो गया, तो जयसेन ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

इस वारदात में मेघनाथ मुखी और अशोक लायक ने भी सहयोग किया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। मामले में सरायकेला थाना में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।

जांच के दौरान घटनास्थल से मिले मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जयसेन, मेघनाथ और सुलेखा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया और अशोक लायक की संलिप्तता का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर अशोक को चांडिल से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.