गुवा में विशेष ग्राम सभा: विस्थापन, आवास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों की मुखर मांग

SHARE:

Guwa : गुवा पूर्वी पंचायत के सामुदायिक केंद्र में आयोजित विशेष ग्राम सभा में विस्थापन और बुनियादी सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों ने जोरदार आवाज उठाई। गुवासाई गांव के मुंडा मंगल पूर्ति की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में विस्थापित परिवारों ने भाग लिया।

ग्राम सभा में मुख्य रूप से सेल (SAIL) की खदान विस्तार योजना को लेकर चिंता व्यक्त की गई। ग्रामीणों ने बताया कि गुवा बाजार क्षेत्र के डिपासाई, जाटा हाटिंग, नानक नगर और पुट साइडिंग में रहने वाले लोगों को नए प्रोजेक्ट के नाम पर विस्थापित किया जा रहा है। करीब 500 लोगों के विस्थापन की बात कही गई, जबकि प्रबंधन द्वारा केवल 184 नए आवास ही उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे कई परिवार अब भी बेघर होने की स्थिति में हैं।

बैठक में यह प्रमुख मांग उठाई गई कि जो प्रभावित परिवार अब तक सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनका जल्द सर्वे कर उन्हें भी विस्थापन सूची में जोड़ा जाए। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में उपायुक्त चाईबासा को आवेदन सौंपा जा चुका है और उनके निर्देश पर छूटे हुए लोगों की सूची भी तैयार कर दी गई है।

ग्राम सभा में विस्थापित परिवारों के पुनर्वास को लेकर कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें प्रत्येक आवास के पास मंदिर निर्माण, एक कमरा, हॉल-किचन, शौचालय और बाथरूम की व्यवस्था, नियमित बिजली और पेयजल आपूर्ति, सामुदायिक भवन का निर्माण, स्कूली बच्चों के लिए बस सुविधा तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग शामिल है।

इसके साथ ही वंचित परिवारों के पुनः सर्वे कराने का भी निर्णय लिया गया, ताकि कोई भी प्रभावित परिवार पुनर्वास के लाभ से वंचित न रह जाए।

इस अवसर पर नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी, पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागुरी, उपमुखिया सुनीता समद, वार्ड सदस्य कमला पात्रों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं विस्थापित परिवार उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें