जुगसलाई में पानी टंकी धंसने पर 2000 घरों में जल संकट, पीएमओ तक पहुंची शिकायत

SHARE:

Jamshedpur :  जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में पानी टंकी की छत धंसने के बाद उत्पन्न जल संकट का मामला अब केंद्र स्तर तक पहुंच गया है। आरटीआई कार्यकर्ता Kritivas Mandal ने इस संबंध में पीएमओ और पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय, भारत सरकार को शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत में बताया गया है कि एमई स्कूल रोड स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास बनी पानी टंकी की छत 14 मार्च 2026 को अचानक धंस गई थी, जिसके कारण करीब 2000 घरों में जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मरम्मत कार्य नहीं होने से लोग पानी के लिए परेशान हैं।

आरटीआई कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि तत्कालीन उपायुक्त Karn Satyarthi द्वारा कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद पेयजल विभाग के अधिकारियों ने अब तक दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं की है।

शिकायत में पानी टंकी के निर्माण की तिथि, लागत, निर्माण एजेंसी और उसकी गुणवत्ता की जांच की मांग की गई है। साथ ही यह भी पूछा गया है कि टंकी कितने वर्षों में क्षतिग्रस्त हुई और इतनी जल्दी इसके धंसने के लिए जिम्मेदार कौन है।

इसके अलावा कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने और जल्द से जल्द टंकी की मरम्मत कराने की मांग की गई है, ताकि प्रभावित लोगों को राहत मिल सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पीएमओ और पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय, नई दिल्ली ने जांच के निर्देश दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी पेयजल विभाग के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार (DWS Division, JSR) को सौंपी गई है, जिन्हें जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है।

Leave a Comment

और पढ़ें