सरायकेला होमगार्ड बहाली में फर्जीवाड़े का आरोप, एक पते पर 73 आवेदन में 24 चयन; जांच की मांग तेज

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela : सरायकेला-खरसावां जिले में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। Jharkhand Homeguard Welfare Association ने नियुक्ति प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितता और फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राजीव तिवारी ने आदित्यपुर स्थित आदिवासी कल्याण समिति परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में दस्तावेजों के आधार पर दावा किया कि एक ही पते से 73 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, जिनमें से 24 का चयन भी कर लिया गया। उन्होंने बताया कि एक अन्य पते पर 11 में से 8 और एक स्थान पर 4 में से सभी 4 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जो पूरी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

तिवारी ने आरोप लगाया कि दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों ने स्थानीय स्तर पर मिलीभगत कर फर्जी आवासीय प्रमाण पत्र बनवाए और उसी के आधार पर चयनित हो गए। उन्होंने विशेष रूप से Adityapur और गम्हरिया क्षेत्र में हुई नियुक्तियों को संदेहास्पद बताया। उनका कहना है कि यदि इस प्रकार फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नियुक्तियां होती रहीं, तो स्थानीय युवाओं के अधिकारों का हनन होगा।

एसोसिएशन ने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत उपायुक्त से करते हुए मांग की है कि चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का डोर-टू-डोर सत्यापन कराया जाए। साथ ही, फर्जीवाड़े में शामिल अभ्यर्थियों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

मामले के सामने आने के बाद जिले में बहाली प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर बहस तेज हो गई है। अब सबकी नजर जिला प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.