मनोहरपुर के उरकिया विद्यालय ने रचा इतिहास, सभी छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Manoharpur : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड स्थित श्रीहरि गौरहरि उच्च विद्यालय, उरकिया ने इस वर्ष शैक्षणिक परिणामों में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने शत-प्रतिशत प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

इस उल्लेखनीय सफलता में छात्रा राखी महतो ने 78.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। सुदूरवर्ती और वनांचल क्षेत्र में स्थित इस विद्यालय के लिए यह उपलब्धि किसी मिसाल से कम नहीं मानी जा रही है।

वर्ष 1985 से संचालित इस विद्यालय में अब तक शत-प्रतिशत परिणाम भी सुनिश्चित नहीं हो पाता था, लेकिन इस बार सभी विद्यार्थियों का प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होना एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। इसके पीछे विद्यालय के वर्तमान शिक्षकों के साथ-साथ सेवानिवृत्त मेधावी शिक्षकों के मार्गदर्शन और समर्पित प्रयास को प्रमुख कारण माना जा रहा है।

विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी छात्र-छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों ने भी इसे सामूहिक प्रयास का परिणाम बताते हुए आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि संसाधनों की कमी के बावजूद दृढ़ संकल्प, मेहनत और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.