मनोहरपुर में रेल समस्याओं पर उबाल, समाधान नहीं होने तक चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान

SHARE:

Manoharpur : पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर में रेलवे से जुड़ी मूलभूत समस्याओं को लेकर अब जनाक्रोश खुलकर सामने आने लगा है। गुरुवार को संत नरसिंह आश्रम परिसर में आयोजित एक अहम बैठक में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य जयप्रकाश महतो ने की। इस दौरान रेलवे फाटक, ओवरब्रिज, अंडरपास निर्माण, नई यात्री ट्रेनों के ठहराव और मौजूदा ट्रेनों के समय पर परिचालन जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। उपस्थित लोगों ने कहा कि लंबे समय से ये समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं, जिससे आम जनता को रोजाना भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

बैठक में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रबुद्धजन, समाजसेवी, पारंपरिक मुंडा-मनकी प्रतिनिधि तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में इन जनहित मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग की।

चर्चा के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जब तक समस्याओं का ठोस समाधान नहीं निकलता, तब तक चरणबद्ध जन आंदोलन चलाया जाएगा। इसके तहत आगे की रणनीति भी तय की गई। साथ ही, “मनोहरपुर नागरिक सुविधा संघ समिति” का गठन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से समन्वयकों का चयन किया गया।

बैठक में यह भी तय हुआ कि मांगों और प्रस्तावों से संबंधित कार्यवाही की प्रतिलिपि South Eastern Railway के वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जाएगी, ताकि जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

इस दौरान अरुण कुमार नाग, दुखू सिंह, किशोर डागा, अश्वनी बघेल, महेंद्र जामुदा, सुशील बारला, सुशीला टोप्पो, सलन डांग, अभयशुलपाणी, सीताराम गोप, अनादि महतो, बहनु तिर्की, राजेश हरलालका, गुरविंदर सिंह भाटिया, शशिभूषण महतो, मोती लाल दास, निसार अहमद, अरविंद गुप्ता, सीमा मुंडारी, सुशांत नायक, अमरेश विश्वकर्मा, पंकज महतो, विश्राम कुजूर, पारस सिंह, सुमित डागा, आलोक कुमार गुप्ता, अशोक महतो, अजहर अली, वशिष्ठ यादव सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

बैठक के बाद यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि मनोहरपुर में रेलवे से जुड़े मुद्दे अब आंदोलन का रूप ले सकते हैं, यदि प्रशासन और रेलवे विभाग जल्द ठोस पहल नहीं करते।

Leave a Comment