Guwa : पश्चिम सिंहभूम के गुवा क्षेत्र में विस्थापित परिवारों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। गुवा बाजार स्थित डिपासाईं बस्ती से हटाए गए परिवारों को Steel Authority of India Limited (सेल) प्रबंधन द्वारा नुईया गांव स्थित रेलवे साइडिंग के पास नए आवास तो उपलब्ध करा दिए गए हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव ने उनकी जिंदगी को अंधेरे में धकेल दिया है।
सबसे गंभीर समस्या बिजली की है। विस्थापित परिवारों का कहना है कि नए घरों में अब तक बिजली कनेक्शन नहीं दिया गया है, जिससे वे मजबूरी में अंधेरे में जीवन यापन कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, जब उन्होंने बिजली कनेक्शन के लिए पहल की, तो विद्युत विभाग के एसडीओ शंकर सैवईया (डीवीसी, नोवामुंडी) ने प्रति घर 5400 रुपये जमा करने के बाद ही नया कनेक्शन देने की बात कही। आर्थिक रूप से कमजोर इन परिवारों के लिए यह राशि जुटाना बेहद कठिन साबित हो रहा है।
विस्थापितों ने बताया कि वे पहले ही रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, ऐसे में बिजली के लिए अतिरिक्त राशि देना उनके बस से बाहर है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें सिर्फ छत मुहैया कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज और सुरक्षा सभी प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि विस्थापित परिवारों को जल्द से जल्द मुफ्त या रियायती दर पर बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सकें।









