चाईबासा के वर्मा टेंट हाउस संचालक संजय वर्मा का आकस्मिक निधन, शहर में शोक की लहर

SHARE:

Chaibasa : पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में बुधवार देर रात एक प्रतिष्ठित व्यवसायी के आकस्मिक निधन से शोक की लहर दौड़ गई। वर्मा टेंट हाउस के मुख्य संचालक एवं पश्चिम सिंहभूम टेंट डेकोरेटर संगठन के वरिष्ठ सदस्य संजय वर्मा (करीब 55 वर्ष) का देर रात लगभग 1:30 बजे हृदय गति रुकने से निधन हो गया।

उनके निधन की खबर मिलते ही शहर में शोक का माहौल छा गया। परिजनों के साथ-साथ टेंट डेकोरेटर संगठन के सदस्यों और स्थानीय व्यवसायियों में गहरा दुख देखा गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, संजय वर्मा मिलनसार, हंसमुख और व्यवहार कुशल व्यक्ति थे, जो हर किसी के साथ आत्मीयता से पेश आते थे। सामाजिक और व्यावसायिक दोनों क्षेत्रों में उनकी अच्छी पहचान थी।

करीब 25 वर्षों से अधिक समय से टेंट व्यवसाय से जुड़े संजय वर्मा ने अपने कार्य और समर्पण से एक अलग मुकाम हासिल किया था। वर्मा टेंट हाउस के माध्यम से उन्होंने न सिर्फ अपना व्यवसाय स्थापित किया, बल्कि कई लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराया।

उनके निधन को टेंट डेकोरेटर संगठन ने अपूरणीय क्षति बताया है। संगठन के सदस्यों ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

बताया जा रहा है कि गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा, जिसमें शहर के गणमान्य नागरिक, व्यवसायी और संगठन के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

संजय वर्मा के निधन से चाईबासा ने एक सरल, कर्मठ और सम्मानित व्यक्तित्व को खो दिया है।

Leave a Comment