किरीबुरू ओड़िया स्कूल की स्वर्ण जयंती 25–26 अप्रैल को, 500 से अधिक एलुमनी जुटने की संभावना

SHARE:

Guwa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू हिलटॉप स्थित ओड़िया स्कूल अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 25 और 26 अप्रैल को भव्य स्वर्ण जयंती समारोह आयोजित करने जा रहा है। दो दिवसीय इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

आयोजन समिति कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरी सक्रियता से जुटी हुई है। प्रशासनिक तंत्र और किरीबुरू खदान प्रबंधन का भी सहयोग मिल रहा है, जिससे कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है।

स्कूल के अध्यक्ष एवं पूर्व छात्र राजेन्द्र सिंधिया ने बताया कि इस अवसर पर देश-विदेश में कार्यरत बड़ी संख्या में पूर्व छात्र-छात्राएं अपने परिवार के साथ शामिल होंगे। अनुमान है कि 500 से अधिक एलुमनी इस समारोह में भाग लेंगे, जिससे यह आयोजन एक बड़े पुनर्मिलन (रीयूनियन) का रूप लेगा।

कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, वहीं पूर्व छात्र-छात्राएं अपने जीवन के अनुभव साझा करेंगे। गीत-संगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आपसी मिलन समारोह इस आयोजन के मुख्य आकर्षण होंगे।

विद्यालय का गौरवशाली इतिहास भी इस मौके पर चर्चा का केंद्र रहेगा। वर्ष 1973 में ओड़िशा सरकार से पंजीकरण प्राप्त करने वाला यह स्कूल 1978 में अपना पहला मैट्रिक बैच निकाल चुका है। ओड़िया भाषा, संस्कृति और परंपरा के संरक्षण के उद्देश्य से स्थापित इस विद्यालय ने कठिन परिस्थितियों में स्थानीय लोगों के सहयोग से अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

आज इस स्कूल के छात्र देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी उपलब्धियों से संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं। स्वर्ण जयंती समारोह को यादगार बनाने के लिए आयोजकों ने क्षेत्र के सभी नागरिकों को आमंत्रित किया है।

Leave a Comment