जमशेदपुर के टेल्को में मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, भुजाली हमले में तीन गंभीर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur :  Telco थाना क्षेत्र अंतर्गत जेमको मछुआ बस्ती में शनिवार को एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। देर शाम करीब 7 बजे भुजाली से हुए हमले में छोटू नाग, मनोज नाग और सुनीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल Tata Main Hospital (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के संबंध में सावन नाग ने बताया कि विवाद की शुरुआत एक दिन पहले हुई थी, जब बस्ती के कुछ युवकों द्वारा बर्थडे पार्टी के दौरान देर रात लगभग 3 बजे तक तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और साउंड बॉक्स जब्त कर लिया।

बताया जा रहा है कि पार्टी कर रहे युवक—बबलू मछुआ, कृष्णा मछुआ और उनके साथियों को शक हुआ कि पुलिस को शिकायत सावन नाग और उनके परिवार की ओर से की गई थी। इसी बात को लेकर शनिवार दोपहर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद मामला Telco Police Station पहुंचा और दोनों पक्षों ने लिखित शिकायत दर्ज कराई।

हालांकि थाने तक मामला पहुंचने के बावजूद तनाव खत्म नहीं हुआ और शाम करीब 7 बजे आरोपियों ने दोबारा हमला कर दिया। सावन नाग के पिता छोटू नाग, जो छोटा हाथी वाहन चलाते हैं, घर के पास गाड़ी से सामान उतार रहे थे, तभी आरोपियों ने उन्हें जबरन घसीट लिया और भुजाली से हमला कर दिया, जिससे उन्हें पीठ पर गंभीर चोटें आईं।

शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे उनके चाचा मनोज नाग पर भी हमला किया गया, जिससे उन्हें कई गंभीर चोटें आईं। वहीं सुनीता देवी, जो अपने पति को बचाने पहुंचीं, उन पर भी भुजाली से हमला कर दिया गया और वह भी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और Telco Police Station की पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.