कृतिवास मंडल की शिकायत पर हरकत में आया विभाग, हेंसल लैम्पस जलापूर्ति योजना एक सप्ताह में होगी चालू

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela:सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत हेंसल लैम्पस के सामने स्थित सोलर आधारित लघु ग्रामीण जलापूर्ति योजना को लेकर उठी शिकायत के बाद पेयजल एवं स्वच्छता विभाग हरकत में आ गया है। विभाग ने आश्वासन दिया है कि एक सप्ताह के भीतर जलापूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह सुचारू कर दिया जाएगा।

यह मामला तब सामने आया जब आरटीआई कार्यकर्ता संघ के केंद्रीय महासचिव एवं आजसू पार्टी के जिला सचिव कृतिवास मंडल ने जनहित को देखते हुए पेयजल और स्वच्छता मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि जल जीवन मिशन के तहत स्थापित सोलर आधारित जलापूर्ति योजना कई दिनों से खराब पड़ी है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए गंभीर संकट का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि संबंधित अधिकारी इस समस्या को लेकर पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं और स्थानीय स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय स्तर पर जांच कराई गई। इसके बाद राजनगर के कनिष्ठ अभियंता और सरायकेला पेयजल एवं स्वच्छता अवर प्रमंडल के सहायक अभियंता द्वारा जांच रिपोर्ट तैयार कर पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय, भारत सरकार के निदेशक शिवजी नरसू पाटिल को भेजी गई।

जांच रिपोर्ट में बताया गया कि 16,000 लीटर क्षमता वाली इस सोलर आधारित जलापूर्ति योजना में फिलहाल केवल एक मोटर पंप से आंशिक रूप से पानी की आपूर्ति की जा रही है, जबकि दूसरा मोटर पंप खराब है और उसे मरम्मत के लिए भेजा गया है।

विभाग ने आश्वासन दिया है कि खराब मोटर पंप की मरम्मत का कार्य जारी है और एक सप्ताह के भीतर जलापूर्ति पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सकेगी।

ग्रामीणों को अब उम्मीद है कि लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या का जल्द समाधान होगा और उन्हें नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.