पलाशबनी पंचायत में फर्जी जाति प्रमाण-पत्र का आरोप, पंचायत समिति सदस्य पर जांच की मांग

SHARE:

Jamshedpur : जमशेदपुर के पलाशबनी पंचायत में पंचायत समिति सदस्य पर फर्जी जाति प्रमाण-पत्र के आधार पर चुनाव जीतने का गंभीर आरोप सामने आया है। इस मामले को लेकर ग्राम सभा छोटा बांकी और बिरसा सेना ने संयुक्त रूप से उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुसूचित जनजाति आरक्षित सीट संख्या 67 से वर्ष 2022 में निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य भरत राम लोहरा पर आरोप है कि उन्होंने कथित रूप से फर्जी जाति प्रमाण-पत्र के आधार पर चुनाव लड़कर पद हासिल किया।

ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि भरत राम लोहरा इस क्षेत्र के मूल निवासी नहीं हैं और उनके परिवार का स्थायी निवास भी यहां नहीं रहा है। उनके द्वारा प्रस्तुत जाति प्रमाण-पत्र (संख्या JHCST/2022/194655, दिनांक 04 मई 2022) को भी नियमों के विरुद्ध जारी बताया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि झारखंड सरकार के प्रावधानों के अनुसार अनुसूचित जनजाति का लाभ प्राप्त करने के लिए 06 सितंबर 1950 से पूर्व का स्थायी निवास या 1964 के खतियान का प्रमाण आवश्यक होता है, जो इस मामले में संदिग्ध प्रतीत होता है।

इसके अलावा यह भी आरोप लगाया गया है कि भरत राम लोहरा वास्तव में कुमार (EBC-1) श्रेणी से संबंधित हैं, न कि अनुसूचित जनजाति से। उनके खिलाफ पूर्व में आपराधिक मामलों में न्यायालय में शिकायतें दर्ज होने और अवैध शराब निर्माण व सप्लाई में संलिप्तता के आरोप भी लगाए गए हैं।

ग्रामीणों ने यह भी दावा किया है कि उनके द्वारा कई सरकारी जमीनों की अवैध बंदोबस्ती की गई है। साथ ही, जाति प्रमाण-पत्र जारी करने में संबंधित राजस्व उप निरीक्षक एवं अंचल निरीक्षक की भूमिका को भी संदिग्ध बताते हुए प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों की ओर से प्रशासन से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए संबंधित जाति प्रमाण-पत्र को रद्द किया जाए, भरत राम लोहरा को पद से हटाया जाए और कथित अवैध जमीन बंदोबस्ती को भी निरस्त किया जाए।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान विद्याधर सिंह, मुखिया प्रतिनिधि सुफल सिंह, दिनकर कच्छप, हरमोहन सिंह, पूजा कार्मकार, मीना लोहार, आशा लोहार, संकुतला करमाकार, पूर्णिमा कार्मकार, दुखू मार्डी, पूर्व मुखिया जगदीश सिंह, जय सिंह भूमिज, बसंती सिंह, बुद्धेश्वरी सिंह, रजनी सिंह, फुलमनी सिंह, बुधनी कर्मकार, कमला सिंह, अजय सिंह, ललटू सिंह, मंगल टुडू, सिमरन किस्कू, दिकू मुर्मू एवं उप मुखिया जोगेंद्र भगत सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।

हालांकि, इस मामले में अभी तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Comment

और पढ़ें