मानगो नगर निगम की पहली बोर्ड बैठक : मेयर का ‘जीरो टॉलरेंस’ संदेश, भ्रष्टाचार पर सख्ती और विकास योजनाओं को हरी झंडी

SHARE:

Jamshedpur : Jamshedpur Notified Area Committee की पहली बोर्ड बैठक में मेयर Sudha Gupta ने भ्रष्टाचार और लापरवाही के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का स्पष्ट संकेत दिया। बैठक में जहां एक ओर कई अहम विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई, वहीं अनुशासनहीनता पर तत्काल कार्रवाई भी की गई।

बैठक के दौरान कार्य में लापरवाही पाए जाने पर नगर निगम कर्मचारी निर्मल को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया। साथ ही अनुपस्थित अधिकारियों को शोकॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया। कचरा उठाव कार्य में संलग्न क्वब कंपनी को टर्मिनेट करते हुए उसके भुगतान पर रोक लगाने तथा मामले में एफआईआर दर्ज कराने का आदेश भी दिया गया।

शहर की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति मिली। इसके तहत 1000 नई स्ट्रीट लाइटों की खरीद और 7000 से अधिक खराब लाइटों की मरम्मत का निर्णय लिया गया। इसके अलावा डॉग कैचिंग टीम गठन और शेल्टर निर्माण की योजना को भी मंजूरी दी गई।

बैठक में सभी सार्वजनिक शौचालयों के जीर्णोद्धार, प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, पार्क एवं ओपन जिम निर्माण तथा नदी किनारे रिवर फ्रंट विकसित करने के प्रस्तावों को भी हरी झंडी दी गई।


ट्रैफिक सिग्नल, फुट ओवर ब्रिज, टाउन हॉल एवं विवाह मंडप निर्माण, वेंडिंग जोन विकसित करने और डिजिटल होर्डिंग व्यवस्था लागू करने जैसे प्रस्तावों पर भी सहमति बनी।

जल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सर्वे और कंसल्टेंसी नियुक्त करने, पाइपलाइन परियोजनाओं को शुरू करने तथा प्रमुख जल टंकियों की सफाई का निर्णय लिया गया। वहीं ड्रेनेज सिस्टम के सुधार के लिए विशेषज्ञों की नियुक्ति भी की जाएगी।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए मोबाइल मेडिकल वैन, नए स्वास्थ्य केंद्र और एम्बुलेंस खरीदने को मंजूरी दी गई। साथ ही सड़कों और नालियों का निर्माण, बड़े नालों की सफाई और 2.30 करोड़ रुपये की एफएसटीपी योजना को भी स्वीकृति मिली।

इसके अतिरिक्त होल्डिंग टैक्स व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा सीएसआर के माध्यम से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर भी सहमति बनी। नगर निगम प्रशासन ने इस बैठक को शहर के समग्र विकास के साथ-साथ प्रशासनिक सख्ती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है।

Leave a Comment