Ranchi : राजधानी रांची में शास्त्रीय नृत्य प्रेमियों के लिए एक खास अवसर सामने आया है। ‘नृत्यशाला’ संस्था के बैनर तले ‘प्रत्याशा’ नामक तीन दिवसीय कथक कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश के प्रख्यात कथक नर्तक एवं कोरियोग्राफर संदीप मल्लिक प्रतिभागियों को इस नृत्य शैली की बारीकियां सिखाएंगे।
यह कार्यशाला 10 से 12 अप्रैल तक मैकॉन इस्पात क्लब में आयोजित होगी। कार्यक्रम में भाग लेने के लिए न केवल रांची बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी कथक कलाकारों में उत्साह देखा जा रहा है।
नृत्यशाला की संस्थापक मोनिका डे के अनुसार, अब तक 150 से अधिक प्रतिभागी इस कार्यशाला के लिए पंजीकरण करा चुके हैं और लगातार संख्या बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि कथक के प्रति रुचि रखने वाले नए और अनुभवी दोनों प्रकार के कलाकार इसमें हिस्सा ले रहे हैं।
कार्यशाला को दो स्तरों में विभाजित किया गया है। शुरुआती विद्यार्थियों के लिए ‘परिचय’ सत्र आयोजित होगा, जबकि अनुभवी नर्तकों के लिए ‘गहराई’ सत्र के माध्यम से कथक की उन्नत तकनीकों और अभिव्यक्ति पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
तीन दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला के अंतिम दिन, यानी 12 अप्रैल को सभी प्रतिभागियों को भागीदारी प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
आयोजकों का मानना है कि इस तरह के आयोजन न केवल कला के संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय नृत्य से जोड़ने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।










