तीन दिवसीय ग्रामीण छऊ नृत्य प्रतियोगिता का समापन, खरसावां दल प्रथम

SHARE:

Seraikela:सरायकेला के राजकीय छऊ नृत्य कलाकेंद्र प्रेक्षागृह में आयोजित राजकीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव 2026 के तहत तीन दिवसीय ग्रामीण छऊ नृत्य प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। इस आयोजन में सरायकेला, मानभूम एवं खरसावां शैली के कलाकारों ने अपनी अद्भुत प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रतियोगिता में कुल पाँच दलों—भवेश छऊ नृत्य कलाकेंद्र देहुरिडीह, छऊ नृत्य कलाकेंद्र खरसावां, मार्शल कलाकेंद्र जोजोडीह, हर हर महादेव छऊ नृत्य कमिटी चिलकु एवं ॐ शंकर क्लब छऊ नृत्य कला समिति कृष्णपुर—ने भाग लिया। सभी दलों ने पारंपरिक व लोक संस्कृति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं।

नाविक नृत्य की उत्कृष्ट प्रस्तुति के आधार पर छऊ नृत्य कलाकेंद्र खरसावां को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, जबकि भवेश छऊ नृत्य कलाकेंद्र देहुरिडीह द्वितीय एवं हर हर महादेव छऊ नृत्य कमिटी चिलकु तृतीय स्थान पर रहे। विजेता कलाकारों को समापन समारोह में सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरायकेला नगर पंचायत के नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी का स्वागत कोऑर्डिनेटर सुदीप कबी द्वारा पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर किया गया। निर्णायक मंडली में नाथू महतो, रजत पटनायक एवं तरुण भोल शामिल रहे।

अपने संबोधन में मनोज कुमार चौधरी ने कहा, “जब कलाकार झूमता है तो प्रकृति भी झूम उठती है और सुख-समृद्धि की बरसात होती है।” उन्होंने पिछले दो दशकों में कला एवं कलाकारों के संरक्षण के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज छऊ कला पुनः अपने गौरव की ओर अग्रसर है।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत की संस्कृति में कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि साधना का रूप है। कलाकारों और संस्थाओं को एकजुट होकर इस सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।

समारोह में बड़ी संख्या में गुरुजनों, कलाकारों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही, जिनकी सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया।

Leave a Comment