Jamshedpur : MGM थाना क्षेत्र अंतर्गत मुख्य राजमार्ग एनएच-33 पर पीपला के समीप रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार XUV वाहन (संख्या: DL 7CU 0406) ने ईंट लदे 407 वाहन (संख्या: JH 05BM 6103) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि XUV ने 407 वाहन को काफी दूर तक घसीट दिया, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे में XUV में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों एवं MGM थाना पुलिस की सहायता से दोनों घायलों को तुरंत जमशेदपुर के MGM अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और किसी प्रकार का जानलेवा खतरा नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, XUV वाहन पर डॉक्टर और पुलिस के टैग लगे हुए थे, जिससे घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही MGM थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि स्थानीय लोग घटना के संबंध में अधिक जानकारी देने से परहेज करते नजर आए।









