Adityapur : राजकीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव 2026 के तहत राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र प्रेक्षागृह में आयोजित ग्रामीण छऊ नृत्य प्रतियोगिता के दूसरे दिन मानभूम शैली की प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता में तीन ग्रामीण छऊ दलों ने भाग लिया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर झारखंड विकास परिषद, उदाटांड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं भगवान बिरसा मुंडा छऊ नृत्य कला केंद्र, गुढ़ा द्वितीय तथा शिव शक्ति छऊ नृत्य कला केंद्र, गुढ़ा तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी निदेशक यश्मिता सिंह का छऊ कला केंद्र के कलाकारों द्वारा पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर भव्य स्वागत किया गया। प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा भी यश्मिता सिंह द्वारा निर्णायक मंडली के निर्णय के आधार पर की गई।
निर्णायक मंडली में गुरु ब्रजेन्द्र कुमार पटनायक एवं गुरु मनोरंजन साहू शामिल थे। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी प्रतिभागी कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद कलाकार अपनी कला और संस्कृति के संरक्षण में सराहनीय योगदान दे रहे हैं, जो क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाले दलों को मुख्य मंच पर अतिथियों के हाथों सम्मानित किया जाएगा तथा उन्हें अपनी प्रस्तुति देने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।
मौके पर गुरु विजय कुमार साहू, भोला महंती, कोऑर्डिनेटर सुदीप कबी, संतोष कर, गजेंद्र महंती, रुपेश साहू, कामेश्वर भोल, अभिनाश कबी, सुमित महापात्र, नीरज पटनायक, पंकज साहू, कुना सामल, गोपाल पटनायक, सिद्धू दारोगा, बाउरी बंधु महतो, अद्यापदों साहू, राकेश कबी, असित पटनायक, मुन्ना महाराणा सहित अनेक कलाकार एवं कार्यालय कर्मी उपस्थित थे।









