Jamshedpur : जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार को तहसील कचहरी में हल्का कर्मचारी से संबंधित मामलों के निष्पादन हेतु विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों में नागरिकों को एक ही स्थान पर सरल और शीघ्र सेवा उपलब्ध कराना है।
इसी क्रम में सोमवार को आयोजित कैंप में जिले के विभिन्न अंचलों से कुल 79 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें नामांतरण, लगान अदायगी, भूमि मापन, सुधार प्रविष्टि सहित अन्य राजस्व से जुड़े मामले शामिल थे।
कैंप के दौरान 55 आवेदनों का ऑन द स्पॉट निष्पादन कर दिया गया, जिससे आवेदकों को तुरंत राहत मिली। वहीं शेष 24 आवेदन आवश्यक जांच और प्रक्रिया के अधीन हैं, जिनका निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे भूमि एवं राजस्व से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए इस साप्ताहिक कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि नागरिकों को सुलभ, जवाबदेह और प्रभावी सेवाएं प्रदान करने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।









