मुसाबनी में दिव्यांग को मिली व्हीलचेयर, जनप्रतिनिधियों की पहल से बढ़ी राहत

SHARE:

Jamshedpur : मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत तेरेंगा पंचायत के तेरेंगा गांव निवासी आनंद नारायण देव को जनप्रतिनिधियों की पहल पर व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। करीब एक वर्ष पूर्व हुई दुर्घटना में उनके दोनों पैर कट जाने के कारण उन्हें चलने-फिरने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

झामुमो प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन की पहल और स्थानीय विधायक सोमेश चंद्र सोरेन के प्रयास से यह व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। प्रधान सोरेन स्वयं उनके घर पहुंचे और व्हीलचेयर सौंपकर सहायता प्रदान की।

व्हीलचेयर मिलने से अब आनंद नारायण देव के दैनिक जीवन में काफी सहूलियत होगी। इस अवसर पर प्रधान सोरेन ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की मदद करना समाज का दायित्व है और इस दिशा में आगे भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।

परिवार के सदस्यों—विक्रम नारायण देव, विप्लव नारायण देव, रविंद्र नारायण देव और उत्तम नारायण देव ने जनप्रतिनिधियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिलती है।

इस मौके पर वरिष्ठ नेता हरीश भगत, प्रखंड सचिव महेश्वर हांसदा, गणेश टुडू, सिंगरई हेंब्रम, बासु सोरेन, कमल भट्टाचार्य, अमन मुर्मू और चंदन माहली समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment