सरायकेला में अवैध अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में नकली शराब बरामद

SHARE:

Chandil : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र के मिरुडीह गांव में अवैध अंग्रेजी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार देर रात छापेमारी अभियान शुरू किया, जो सोमवार सुबह करीब आठ बजे तक चला।

उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिंज ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि विभाग को लंबे समय से मिरुडीह गांव में चोरी-छिपे नकली अंग्रेजी शराब के निर्माण और उसकी सप्लाई की सूचना मिल रही थी। सूचना की पुष्टि होने के बाद विशेष टीम का गठन किया गया और सुनियोजित तरीके से कार्रवाई की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस एवं उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री के ठिकाने को चारों ओर से घेरकर दबिश दी। मौके से भारी मात्रा में तैयार नकली अंग्रेजी शराब, शराब निर्माण में प्रयुक्त केमिकल, खाली बोतलें, रैपर, ढक्कन, पैकिंग मशीन सहित अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।

उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें