भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान का समापन, बूथ सशक्तिकरण से एआई तक मिला मार्गदर्शन

SHARE:

Jamshedpur : भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत जमशेदपुर महानगर के छह मंडलों में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का रविवार को समापन हो गया। सोनारी, मानगो, उलीडीह, सीतारामडेरा, बर्मामाइंस एवं घाघीडीह मंडलों में आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में कुल सात सत्र संपन्न हुए, जिनमें संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक सशक्तिकरण और तकनीक के उपयोग पर विशेष बल दिया गया।

उद्घाटन सत्र की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले तथा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने सहभागिता की।

दो दिवसीय प्रशिक्षण में भाजपा का इतिहास, बूथ प्रबंधन एवं ‘मन की बात’, वैचारिक अधिष्ठापन, अंत्योदय से संतृप्ति, कार्य पद्धति एवं विस्तार, सोशल मीडिया, एआई, नमो ऐप और सरल ऐप के प्रभावी उपयोग जैसे विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर पार्टी के इतिहास तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई।

भाजपा का इतिहास त्याग और राष्ट्रवाद की यात्रा: पूर्णिमा साहू

जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने ‘भाजपा का इतिहास’ विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की नींव भारतीय जनसंघ से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा रखी गई थी। 1980 में भारतीय जनता पार्टी के गठन के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद को आधार बनाकर संगठन ने निरंतर विस्तार किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और तकनीक के उपयोग ने भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाया है।

बूथ प्रबंधन ही जीत की कुंजी: अमरप्रीत सिंह काले

प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही बड़ी जीत की गारंटी है। मतदाता सूची का सत्यापन, नए मतदाताओं को जोड़ना, अधिकतम मतदान सुनिश्चित करना और सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना बूथ प्रबंधन के प्रमुख कार्य हैं। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुनने की अपील भी की।

राष्ट्रवाद और एकात्म मानववाद है वैचारिक आधार: संजीव सिन्हा

जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि भाजपा का वैचारिक अधिष्ठापन राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक मूल्यों और अंत्योदय के सिद्धांत पर आधारित है। पार्टी सत्ता से अधिक राष्ट्र निर्माण और अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विचारधारा को व्यवहार में उतारने और जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण सत्रों को पूर्व जिलाध्यक्ष रामबाबू तिवारी, अभय सिंह, सुधांशु ओझा, गुंजन यादव, मिथिलेश सिंह यादव, अनिल सिंह, राजन सिंह, कुलवंत सिंह बंटी, जटाशंकर पांडेय, डॉ. राजीव, नीरज सिंह, रीता मिश्रा, खेमलाल चौधरी, ललन चौहान, बबुआ सिंह, राजीव सिंह, अनिल मोदी, संजीव सिंह, जितेंद्र राय, प्रेम झा, ज्ञान प्रकाश, बिनोद कुमार सिंह, राकेश दुबे, अमरजीत सिंह राजा, सोनू ठाकुर सहित अन्य ने संबोधित किया।

टेल्को और सुंदरनगर में नए प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ

महाअभियान के तहत रविवार को टेल्को एवं सुंदरनगर मंडल में भी दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ हुआ। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कल्याणी शरण, जिला मंत्री पप्पू सिंह, टेल्को मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, सुंदरनगर मंडल अध्यक्ष अमित मिश्रा सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण वर्ग में विभिन्न मंडल अध्यक्षों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखी गई। संगठन ने बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क विस्तार और तकनीकी दक्षता को भविष्य की रणनीति का आधार बताते हुए अभियान को निरंतर जारी रखने की बात कही।

Leave a Comment

और पढ़ें