जिला स्थापना दिवस को लेकर सरायकेला में तैयारियां तेज, डीडीसी ने की समीक्षा

SHARE:

Adityapur : जिला स्थापना दिवस के अवसर पर 4 अप्रैल 2026 को नगर भवन, सरायकेला में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। तैयारियों की समीक्षा को लेकर उप विकास आयुक्त Reena Hansda की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा करते हुए आयोजन को भव्य और आकर्षक बनाने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए पेंटिंग और क्विज प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसके माध्यम से जिले की स्थापना से लेकर अब तक की उपलब्धियों की जानकारी भी साझा की जाएगी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी और कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्देश दिया गया।

डीडीसी Reena Hansda ने जिला स्थापना दिवस को जिले के लिए गौरव का अवसर बताते हुए अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभाग 4 अप्रैल को अपने-अपने कार्यालयों में साफ-सफाई और सजावट सुनिश्चित करें।

साथ ही नगर निकाय क्षेत्रों में मुख्य चौक-चौराहों की सफाई, महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई एवं माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

मुख्य कार्यक्रम स्थल नगर भवन, सरायकेला सभागार में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, यातायात प्रबंधन सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में निदेशक, डीआरडीए डॉ. अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, नगर निगम आदित्यपुर के अपर नगर आयुक्त, सरायकेला एवं चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी एवं विभिन्न कार्य एजेंसियों के अभियंता भी बैठक में शामिल हुए।

Leave a Comment