विष्णुगढ़ घटना पर उबाल, भाजपा ने 3 अप्रैल को ‘झारखंड बंद’ का किया आह्वान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में एक नाबालिग बच्ची के साथ हुए जघन्य दुष्कर्म और हत्या की घटना ने पूरे झारखंड को झकझोर दिया है। इस अमानवीय घटना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य सरकार के खिलाफ व्यापक आंदोलन की घोषणा की है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष Aditya Sahu ने आधिकारिक रूप से 3 अप्रैल को ‘झारखंड बंद’ का आह्वान किया है। वहीं प्रदेश मंत्री Shailendra Singh ने बताया कि पार्टी ने आंदोलन को दो चरणों में आयोजित करने की रणनीति बनाई है।

उन्होंने बताया कि 2 अप्रैल को राज्य के सभी जिला एवं प्रखंड मुख्यालयों में विशाल मशाल जुलूस निकालकर घटना के प्रति आक्रोश जताया जाएगा, जबकि 3 अप्रैल को पूरे प्रदेश में ‘झारखंड बंद’ आयोजित किया जाएगा। इसे सफल बनाने के लिए पार्टी ने सभी 30 संगठनात्मक जिलों में तैयारी पूरी कर ली है।


भाजपा नेताओं ने इस घटना की तुलना Nirbhaya Case से करते हुए इसे उससे भी अधिक भयावह बताया है। पार्टी ने कांग्रेस के एक मंत्री द्वारा पीड़ित परिवार को दी गई एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता को अपर्याप्त बताते हुए कड़ी आलोचना की है।

नेताओं का कहना है कि इतनी बड़ी त्रासदी के बदले इतनी कम राशि देना पीड़ित परिवार के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा पूरी तरह से भगवान भरोसे है।

भाजपा ने चेतावनी दी है कि जब तक दोषियों को कड़ी सजा, विशेषकर फांसी, नहीं दी जाती और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.