मनोहरपुर सीएचसी में एचपीवी टीकाकरण एवं टीबी मुक्त 100 दिवसीय अभियान का शुभारंभ

SHARE:

Chaibasa : मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत एचपीवी टीकाकरण एवं टीबी मुक्त 100 दिवसीय अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख गुरुवारी देवगम, बीडीओ शक्तिकुंज तथा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं लाभार्थियों को एचपीवी वैक्सीन लगाकर किया।

इस अवसर पर डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी वैक्सीन अत्यंत प्रभावी है। 14 से 15 वर्ष की किशोरियों के लिए यह टीका सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एचपीवी टीकाकरण अभियान तीन माह तक चलेगा, जबकि टीबी मुक्त जांच अभियान 100 दिनों तक संचालित किया जाएगा।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे जागरूक बनें और इन दोनों महत्वपूर्ण स्वास्थ्य अभियानों का अधिकतम लाभ उठाएं, ताकि क्षेत्र को टीबी मुक्त बनाने और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में ठोस कदम उठाया जा सके।

कार्यक्रम में डॉ. विजय शंकर जोग्यानी, बीपीएम अनुज कुमार सिंह, बीआरपी यशवंत कटियार, एएनएम पूनम महतो, बेलमती सुंडी, एमपीडब्ल्यू सौरभ महतो, बीटीटी सुलोचना देवी, सहिया साथी मोनालिसा हांसदा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Comment